देवास से पिछोला व फतहसागर में जल अपवर्तन 20 को

उदयपुर, । बढ़ती गर्मी और शहर में पेयजल की मांग को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अहम निर्णय लेते हुए 20 मार्च शुक्रवार को देवास परियोजना से पानी को पिछोला और फतहसागर झील में अपवर्तित किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही सीसारमा नदी और नांदेश्वर में जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है।

अधिशासी अभियंता जल संसाधन ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार 17 मार्च 2026 को अधीक्षण अभियंता जल संसाधन तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के साथ समन्वय बैठक की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि देवास प्रथम एवं द्वितीय के आकोदड़ा एवं मांडली बांध में उपलब्ध जल को शहर की प्रमुख झीलों पिछोला एवं फतहसागर में डाला जाएगा, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिल सके। जल अपवर्तन की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से शुरू की जाएगी। इसके तहत संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तकनीकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

प्रशासन ने इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेष रूप से सीसारमा नदी और नांदेश्वर क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को जल प्रवाह के दौरान नदी-नालों से दूर रहने तथा मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की जन-धन हानि से बचा जा सके।

Next Story