महिला महिला का सम्मान करे, सहयोग से आगे बढ़े - डॉ. रूमा

उदयपुर । राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) और रूमा देवी फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से शनिवार को उदयपुर जिले में ‘रूमा देवी संग महिला सशक्तिकरण संवाद’ कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीविका की ब्रांड एम्बेसडर व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त समाजसेवी डॉ. रूमा देवी ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की महिलाओं को संगठित कर उद्यमशीलता के प्रति प्रोत्साहित करना, उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करना और आत्मनिर्भरता की दिशा में उन्हें नए अवसरों से जोड़ना था।
डॉ. रूमा देवी ने संवाद के दौरान कहा कि महिलाएँ यदि एक-दूसरे का सम्मान और सहयोग करें तो समाज की दिशा बदल सकती हैं। हमें एक-दूसरे को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा। रूमा देवी ने समाज में अनेक रूमा देवी तैयार होने का संकल्प दिलाया। रूमा देवी से संवाद के लिए जिले की एक हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएँ शामिल हुईं।
जिला प्रबंधक कुलदीप सिंह सिसोदिया ने उदयपुर जिले में परियोजना से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि समूह की महिलाएं स्वयं आजीविका गतिविधियां संचालित कर रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही है। यह आत्मनिर्भरता उनके सामाजिक, आर्थिक, पारिवारिक, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि क्षेत्रों में उत्थान में सहायक सिद्ध हुई है।
फाउंडेशन की प्रवक्ता कविता कुमारी ने बताया कि संवाद के दौरान महिलाओं के बीच से कई प्रेरणादायी कहानियाँ भी सामने आईं जिनके जीवन में राजीविका से जुड़ने के बाद सकारात्मक बदलाव आया है, जिनमे से एक नकारी थीं, जिन्होंने महज 20 रुपये से काम की शुरुआत की थी, आज राजीविका में क्लस्टर मैनेजर हैं और आज उनकी मासिक आय 15,000 रुपये से अधिक है। इस दरम्यान महिला समूहो के उत्पादो की प्रदर्शनी का अवलोकन व सीधा संवाद सत्र का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रेम पूँवर और राजीविका से हर्ष ठाकुर मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम उन्हें नई दिशा और पहचान दिलाते हैं।
इस अवसर पर महिलाओं ने रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की व साबित किया कि महिलाएँ केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन की मज़बूत कड़ी बन चुकी हैं।
