नेपाल में हिंसक प्रदर्शन: जयपुर के 200 यात्री काठमांडू एयरपोर्ट पर फंसे, परिजन परेशान



जयपुर। नेपाल में भड़के हिंसक प्रदर्शनों ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी काठमांडू में आगजनी और धुएं के बीच आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों से लेकर हवाई सेवाएं तक प्रभावित हो गई हैं। इसी बीच जयपुर के करीब 200 यात्री नेपाल एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, जयपुर के अजमेर रोड और सिरसी रोड स्थित सिंवार, फतेहपुरा सहित आसपास के गांवों से 28 अगस्त को तीन धाम यात्रा के लिए निकला जत्था रविवार को काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के बाद एयरपोर्ट पहुंचा। लेकिन वहां अचानक हिंसक प्रदर्शन और कर्फ्यू के कारण उड़ानें रुक गईं और यात्री फंस गए।

सिरसी रोड के सिंवार निवासी शंभूदयाल महर्षि और बंशीधर जांगिड़ ने पूर्व पार्षद गणपत लाल यादव को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर जयपुर क्षेत्र के 200 से ज्यादा यात्री मदद का इंतजार कर रहे हैं।

यात्रियों ने भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। इधर, गांवों में परिजन भी बेहद चिंतित हैं और लगातार यात्रियों के संपर्क में बने हुए हैं।

---

Next Story