खेत में पसरा मातम: प्रतापगढ़ में झूलते बिजली के तारों ने छीनी पिता-पुत्र की जिंदगी, खाद बिखेरते समय हुआ हादसा

प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। खरखड़ा गांव में खेत में काम करने के दौरान बिजली के झूलते तारों की चपेट में आने से पिता और पुत्र दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ट्रॉली से खाद बिखेरते समय हुआ हादसा
अरनोद थाने के एसआई सोहनलाल ने बताया कि खरखड़ा निवासी गोवर्धन डांगी (60) अपने 25 वर्षीय बेटे नरेंद्र डांगी के साथ मंगलवार दोपहर करीब एक बजे खेत में काम कर रहे थे। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से खेत में देशी खाद बिखेरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी (11KV) की हाईटेंशन लाइन का एक झूलता हुआ तार अचानक ट्रॉली के संपर्क में आ गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
ट्रॉली में करंट उतरते ही पिता-पुत्र दोनों उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में बिजली सप्लाई बंद करवाई और दोनों को तुरंत अरनोद अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि झूलते तारों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, जिससे आज एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
