चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल; नशे में धुत ड्राइवर गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर तेज रफ्तार कार  की  टक्कर से  पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल; नशे में धुत ड्राइवर गिरफ्तार
X


चित्तौड़गढ़। रविवार रात किले पर विजय स्तंभ के पास एक भीषण सड़क हादसे में बीज कारोबारी की पत्नी की मौत हो गई, जबकि कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त दंपती दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8 से 9 बजे के बीच तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे कमल अग्रवाल (43) और उनकी पत्नी दीप्ति अग्रवाल (41) को जोरदार टक्कर मारी। हादसे में दीप्ति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर घायल कमल अग्रवाल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शी पवन जागा ने बताया कि टक्कर लगते ही दोनों खून से लथपथ सड़क पर तड़पने लगे। श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। पवन जागा, धर्मेश भारती और रवि माली ने तत्काल दंपती को उठाकर अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद कार का शीशा पूरी तरह टूट चुका था और ड्राइवर नशे में धुत हालत में वहीं बैठा मिला। सूचना पर पहुंची किला चौकी पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया और कार जब्त कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भी मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर से व्यापारिक समुदाय और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Next Story