अस्पताल में छत का प्लास्टर गिरने से वार्ड में भर्ती महिला गंभीर घायल

चित्तौड़गढ़ जिले के सबसे बड़े चिकित्सालय श्री सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय में बीती रात अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर स्थित फीमेल वार्ड में भर्ती एक वृद्धा के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे तत्काल आईसीयू में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार उदपुरा ग्राम पंचायत के नलदा निवासी भंवरी बाई (65) पत्नी देवीलाल मीणा को चिकित्सकों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया था। वह फीमेल वार्ड में बेड पर लेटी हुई थीं, तभी अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। प्लास्टर का मलबा सीधे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गिरा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं और जोर से चीख उठीं।वृद्धा के सिर और कमर में चोट आई, विशेषकर सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत ट्रॉमा वार्ड में शिफ्ट किया गया। चिकित्सकों ने सिर में आठ टांके लगाए और उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।इस हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल बन गया। अस्पताल प्रशासन ने एहतियातन वार्ड के प्रभावित क्षेत्र को खाली करवा दिया है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल के कई वार्डों में छत का प्लास्टर जर्जर अवस्था में है और कभी भी गिर सकता है। बरसात के दिनों में कई वार्डों की छतों से पानी टपकने की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा मरम्मत और रखरखाव को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
