साइलेंट अटैक का कहर: SMS अस्पताल के सीनियर सर्जन डॉ. यादव का निधन, उदयपुर में पानी पीते युवक ने तोड़ा दम

साइलेंट अटैक का कहर: SMS अस्पताल के सीनियर सर्जन डॉ. यादव का निधन, उदयपुर में पानी पीते युवक ने तोड़ा दम
X


जयपुर/उदयपुर (हलचल)। राजस्थान में 'साइलेंट हार्ट अटैक' की घटनाओं ने एक बार फिर दहशत पैदा कर दी है। जहां एक ओर जयपुर के प्रतिष्ठित सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. बी.एल. यादव की महाराष्ट्र में कॉन्फ्रेंस के दौरान मौत हो गई, वहीं उदयपुर में एक युवक की मोबाइल शॉप पर पानी पीते समय अचानक गिरकर जान चली गई।

डॉ. बी.एल. यादव: 3 दिन पहले ही 10 किलो की गांठ निकाल बचाया था जीवन

SMS मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर और ट्रॉमा सेंटर के नोडल ऑफिसर डॉ. बी.एल. यादव रविवार को महाराष्ट्र के गोंदिया में एक सर्जन्स कॉन्फ्रेंस में भाग लेने गए थे। वहां अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। साथी डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया और सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डॉ. यादव जयपुर के बेगस के रहने वाले थे। उनकी कार्यकुशलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज़ तीन दिन पहले ही उन्होंने अपनी टीम के साथ एसएमएस अस्पताल में एक जटिल सर्जरी कर महिला के पेट से 10 किलो की गांठ निकाली थी। उनके निधन की खबर से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।

उदयपुर: मोबाइल शॉप में बेंच पर बैठे-बैठे मौत, CCTV में कैद हुई घटना

उदयपुर के सायरा बस स्टैंड स्थित महादेव मोबाइल शॉप पर भी एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई। चरावों का गुडा निवासी रोड सिंह (48) किसी काम से दुकान पर आए थे। सीसीटीवी फुटेज (जो रविवार को सामने आया) में देखा गया कि रोड सिंह बेंच पर बैठे और पास रखे कैंपर से पानी पीने के लिए गिलास उठाया। पानी पीने की कोशिश के दौरान ही कुछ ही सेकंड में वे अचेत होकर नीचे गिर गए। दुकानदार और ग्राहक उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों की सलाह: अनदेखा न करें सीने में दर्द

इन दोनों घटनाओं ने स्वस्थ दिखने वाले व्यक्तियों में अचानक बढ़ते हार्ट अटैक के खतरों को उजागर किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि सीने में हल्का दर्द, भारीपन या बेचैनी होने पर उसे गैस की समस्या समझकर नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

समाचार के लिए संपर्क: प्रेम कुमार गढवाल (9413376078)

ईमेल: [email protected]

विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)

सम्पर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story