शनिवार रात्रि तक करवा सकेंगे युवा महोत्सव के लिए पंजीयन सीडीईओ ऑफिस में आयोजित हुई समीक्षा बैठक

उदयपुर । राज्य सरकार द्वारा युवा महोत्सव में पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाकर 16 जुलाई कर दिया गया है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रधानाचार्य डाइट चंद्रशेखर जोशी की अध्यक्षता तथा राजस्थान युवा बोर्ड के जिला समन्वयक भैरूलाल गायरी के मुख्य आतिथ्य में बैठक हुई। गायरी ने बताया गया कि जिला स्तर पर हो रहे युवा महोत्सव की अंतिम तिथि राज्य स्तर पर अधिकाधिक भागीदारी के कारण आगे बढ़ाया गया है। अब इच्छुक युवा शनिवार रात्रि तक पंजीयन करवा सकेंगे। अब तक जिले से 18 हजार 705 युवाओं ने पंजीयन करवाया है।
उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव का आयोजन ब्लॉक स्तर पर होने के उपरांत जिला स्तर पर होगा। महोत्सव में युवा और कला प्रेमी लोगों की अधिकतम भागीदारी करने हेतु पर्यटन विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग तथा शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों को जोड़ा गया है। राज्य स्तर पर विविध प्रकार से महोत्सव का प्रचार करके अधिकाधिक संख्या में लोगों के पंजीकरण का आह्वान किया गया है जिससे राज्य स्तर पर हो रहे इस युवा महोत्सव में विभिन्न प्रकार की प्रतिभाओं को मौका मिल सके। बैठक में सत्यनारायण सुथार, रवींद्र दायमा, हेमंत जोशी, चेतन औदिच्य, सुनील भट्ट, इंद्रा करतला आदि उपस्थित रहे।
