प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक स्वीकृत आवासों को समय पर पूर्ण कराएं: जिला कलक्टर

उदयपुर, । प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक गुरूवार को जिला कलक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता एवं जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलोनी खेमका की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में आवास योजना के संभागीय नोडल अधिकारी अरविन्द माथुर ने जिले में स्वीकृत आवासों के संदर्भ में जानकारी दी। जिला कलक्टर मीणा ने नगर निकाय वार स्वीकृत आवासों के संदर्भ में योजना के चार चरणों जियो टेगिंग, एमआईएस, प्रथम किश्त जारी होना तथा आवास की पूर्णता के आधार पर समीक्षा की। उन्होंने न्यून प्रगति वाले निकायों और पंचायत समितियों के संदर्भ में जवाब-तलब करते हुए जल्द से जल्द प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवास स्वीकृत के साथ ही अग्रिम कार्यवाही प्रारंभ करते हुए शत-प्रतिशत आवासों की जियो टेकिंग और प्रथम किश्त जारी करना सुनिश्चित करें। इसके पश्चात सतत मोनिटरिंग करते हुए आवासों को समय पर पूर्ण कराने तथा अपेक्षित प्लेटफार्म पर प्रोपर रिपोर्टिंग करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपनिदेशक स्थानीय निकाय कुशल कुमार कोठारी, नगरपालिका सलूम्बर के अधिशासी अधिकारी मुकेश मौहिल, नगर निगम उदयपुर की अधिशासी अभियंता शशिकला, सहायक अभियंता गौरव धींग आदि उपस्थित रहे।
