विकल्प संगठन का स्वर्ण जयंती उत्सव 1 मार्च को

विकल्प संगठन का स्वर्ण जयंती उत्सव 1 मार्च को
X

जयपुर, ।विकल्प नाट्य संस्थान की स्थापना के गौरवशाली 50 वर्ष पूर्ण होने पर आगामी 1 मार्च को हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.सुधि राजीव के मुख्य आतिथ्य में स्वर्ण जयंती उत्सव का आयोजन किया जाएगा। गौरतलब है कि देश प्रदेश और समाज में व्याप्त विसंगतियों, भ्रष्टाचार और विडंबनाओं के विरुद्ध लोक चेतना जगाने और स्वस्थ मनोरंजन की दृष्टि से स्वस्थ रंग आंदोलन के मद्देनजर 1974 में विकल्प नाट्य संगठन की स्थापना की गई थी।देश प्रदेश में अपनी नाट्य प्रस्तुतियों के बल पर विकल्प ने एक अग्रणी रंग संस्था के रूप में मुकाम बनाया।इसके कलाकार प्रतिष्ठित नाटकों से लेकर फीचर और लघु फिल्मों एवं राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

संगठन के संरक्षक मुकुंद देव मोदी और अध्यक्ष मोहनलाल गोयल ने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह जवाहर कला केन्द्र के रंगायन सभागार में सायं 7:00 बजे अनिल मारवाड़ी के निर्देशन में जल एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक लघु नाटक अंधेर नगरी रिटर्नस की प्रस्तुति के साथ ही सुधि श्रोता अंतरराष्ट्रीय ख्यातनाम शायर राजेश रेड्डी की शायरी का रसास्वादन कर सकेंगे।

रेड्डी विकल्प के संस्थापकों में से एक हैं।स्वर्ण जयंती उत्सव के संयोजक फ़ारूक़ आफरीदी के अनुसार इस अवसर पर विकल्प की अब तक की गौरवशाली रंग यात्रा को दर्शाने वाली बहुरंगी स्मारिका का लोकार्पण भी किया जाएगा। स्मारिका में देश प्रदेश के ख्यातनाम और अनुभवी रंगकर्मी और शोध कर्मियों के उत्कृष्ट आलेख शामिल किए गए हैं। उत्सव के दौरान रंग आंदोलन से जुड़ी विभिन्न विभूतियों और विकल्प के सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा।

Next Story