रक्षा से सशक्तिकरण तक मेंटर मेंटी मंच से उठी बालिकाओं की सशक्त आवाज

रक्षा से सशक्तिकरण तक मेंटर मेंटी मंच से उठी बालिकाओं की सशक्त आवाज
X

जहाजपुर मोहम्मद आज़ाद नेब। पीएम श्री महाराणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण को लेकर मेंटर मेंटी गतिविधि के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना, सुरक्षा के प्रति सजग बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कानूनी सलाहकार अधिवक्ता सुशीला जैन ने छात्राओं को महिलाओं से जुड़े विभिन्न कानूनों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपात परिस्थितियों में मिलने वाली कानूनी सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डर के माहौल में जीने के बजाय जागरूकता और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों और पुलिस सहायता नंबरों से संपर्क करें।

भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल एवं सदस्य दीपिका सुवालका ने बालिका सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किस प्रकार सतर्कता, सूझबूझ और साहस के साथ स्वयं की सुरक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां यदि शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी तो समाज स्वतः मजबूत बनेगा।

कार्यक्रम प्रभारी सुमन सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय की छात्राएं ही देश का भविष्य हैं। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए एक प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की, जिसे सुनकर छात्राओं में नया जोश देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और इस तरह के आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प लिया। छात्राओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने जीवन के लिए उपयोगी बताया।

Next Story