भीलवाड़ा: नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक में घुसी बेकाबू कार, दो युवक लहूलुहान
अरवड़/फूलियाकलां। भीम-उनियारा राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर गुरुवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। नींद की झपकी आने के कारण एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
सुबह 5 बजे का मंजर: बडला चौराहे पर मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा फूलियाकलां थाना क्षेत्र के बडला चौराहे के निकट एक होटल के सामने सुबह करीब 5 बजे हुआ। शाहपुरा की ओर से आ रही ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर वहां खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग और होटल कर्मचारी मदद के लिए दौड़े।
दो युवक गंभीर, एक के सिर में चोट तो दूसरे के पैर टूटे
घायलों की पहचान सांवर लाल पुत्र संतोष पूरी निवासी बावड़ी और छोटू लाल पुत्र रोडू बेरवा निवासी सूरजपुरा (टोडा) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे युवक के दोनों पैर टूट गए हैं। सूचना पर फूलियाकलां से एंबुलेंस चालक बाबू लाल तेली और ईएनटी शांति लाल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को गुलाबपुरा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, नींद की झपकी बनी काल
हादसे की जानकारी मिलते ही फूलियाकलां थाना और अरवड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच और मौका मुआयना के बाद पुलिस का मानना है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से कार पर से नियंत्रण खो गया और यह हादसा हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
