जहाजपुर: विधायक गोपीचंद मीणा के कड़े तेवर—"किसानों को परेशान करने वाले अधिकारी क्षेत्र छोड़ें"

जहाजपुर (आजाद मोहम्मद नेब। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा शनिवार को जहाजपुर पंचायत समिति सभागार में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गोपीचंद मीणा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।
जनसुनवाई: किसानों की समस्याओं पर विधायक का रुख
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। मुख्य रूप से सोलर कनेक्शन के बावजूद पुराने बिल जारी होने और कृषि कनेक्शनों में हो रही देरी के मामले सामने आए।
अधिकारियों को निर्देश: विधायक मीणा ने कहा, "जो अधिकारी क्षेत्र में काम करने की रुचि रखते हैं, वही यहाँ रहें। किसानों और आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
ट्रांसफार्मर और कनेक्शन: उन्होंने लंबित कृषि कनेक्शनों को तुरंत जारी करने और जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए।
नई योजना: आबादी और दूरी की समस्या को देखते हुए विधायक ने परली और खजूरी क्षेत्र में 132 KV GSS स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना: 50 लाभार्थी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान के रूप में लाभार्थियों को निशुल्क इंडस चूल्हे भेंट किए गए। इस योजना का उद्देश्य घरों को सौर ऊर्जा से जोड़कर बिजली बिलों से मुक्ति दिलाना है।
जहाजपुर बस स्टैंड के लिए 5 बीघा भूमि आवंटित
जहाजपुर शहर की लंबे समय से चली आ रही बस स्टैंड की समस्या का समाधान भी इस दौरान साझा किया गया। पंचायत समिति द्वारा गुमछा क्षेत्र में 5 बीघा भूमि आवंटित की गई है। इस बस स्टैंड का निर्माण लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।विधायक ने भूमि आवंटन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत समिति स्टाफ का आभार जताया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता भीलवाड़ा अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश महला ने की। इस दौरान उपखंड अधिकारी राजकेश मीणा, पूर्व प्रधान कौशल किशोर शर्मा, अधिशासी अभियंता शिव प्रसाद नगर सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
