बनेड़ा जनसुनवाई में गरजे विधायक बैरवा: "जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारी मुस्तैदी से करें काम"

बनेड़ा (हलचल के के भंडारी ) | उपखण्ड क्षेत्र बनेड़ा में आयोजित भव्य जनसुनवाई कार्यक्रम में बनेड़ा-शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा का कड़ा रुख देखने को मिला। पंचायत समिति परिसर बनेड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक ने न केवल आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि उपस्थित अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समस्याओं पर त्वरित संज्ञान और मौके पर ही समाधान
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न विभागों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक डॉ. बैरवा ने प्रत्येक समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
संतोष व्यक्त कर लौटे ग्रामीण
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और मौके पर ही समाधान मिलने पर संतोष व्यक्त किया। विधायक के इस कड़े रुख और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की ग्रामीणों ने सराहना की।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास, बनेड़ा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचानी, रायला मंडल अध्यक्ष परमेश्वर पारीक, प्रधान प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्तागण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज़ पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
