भीलवाड़ा से ढिकोला तक बढ़ाया जाए ई-बस का रूट

भीलवाड़ा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अभाव अभियोग प्रकोष्ठ) के प्रदेश सचिव मनीष नायक ने जिला कलेक्टर से ई-बस सेवा के विस्तार की मांग की है। नायक ने उपतहसील ढिकोला के ग्रामीणों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में प्रस्तावित रूट को संशोधित करने का आग्रह किया है।

30 किमी तक रूट विस्तार की आवश्यकता

नायक ने बताया कि जिले में सुचारू की जा रही 50 ई-बसों में से एक रूट भीलवाड़ा से बड़ा महुआ तक रखा गया है, जो जिला मुख्यालय से मात्र 20 किलोमीटर दूर है। उन्होंने मांग की है कि इस रूट को 10 किलोमीटर और बढ़ाकर उपतहसील मुख्यालय ढिकोला (30 किमी) तक किया जाए।

ग्रामीणों और छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ

प्रेस नोट के माध्यम से नायक ने तर्क दिया कि ई-बस सेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी सफल होगा जब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक सुलभ परिवहन मिले। ढिकोला तक रूट बढ़ने से अध्ययन के लिए शहर आने वाले बालक-बालिकाओं को सुविधा होगी। दैनिक आवागमन करने वाले कामगारों और व्यापारियों को सस्ता व सुरक्षित साधन मिलेगा। उपतहसील क्षेत्र के हजारों लोगों को सरकार की इस योजना का सीधा लाभ मिल सकेगा।

Next Story