राजस्व रिकॉर्ड में सरदारपुरा का नाम गायब होने से ग्रामीण परेशान, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

फूलियाकलां (राजेश शर्मा)। तहसील फूलियाकलां के ग्राम पंचायत डोहरिया के अंतर्गत आने वाले ग्राम सरदारपुरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर शाहपुरा, प्रकाश चंद्र रेगर को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व रिकॉर्ड ऑनलाइन नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ऑनलाइन पोर्टल पर गलत आ रहा गांव का नाम

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सरदारपुरा, ग्राम पंचायत डोहरिया का हिस्सा है, लेकिन पिछले 2-3 वर्षों से यह ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। जब भी ग्रामीण किसी सरकारी योजना, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र या बच्चों के आरटीई (RTE) फॉर्म के लिए आवेदन करते हैं, तो ऑनलाइन पोर्टल पर सरदारपुरा का नाम शाहपुरा तहसील की अरणिया घोड़ा ग्राम पंचायत में प्रदर्शित होता है। इस तकनीकी खामी की वजह से ग्रामीणों के सभी दस्तावेज गलत बन रहे हैं, जो सरकारी जांच में अमान्य हो जाते हैं।

पूर्व में भी दी सूचना, पर नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले भी फूलियाकलां उपखंड अधिकारी (SDO) को इस समस्या से अवगत कराया था, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। वर्तमान में ग्रामीणों को सरकारी नौकरियों के आवेदन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने की करबद्ध प्रार्थना

ग्रामीणों ने एडीएम से करबद्ध निवेदन किया है कि ग्राम सरदारपुरा को तत्काल ग्राम पंचायत डोहरिया के ऑनलाइन पोर्टल पर जोड़ा जाए, ताकि उन्हें जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास और सरकार की सभी डिजिटल सेवाओं का सही लाभ मिल सके।

ज्ञापन देने के दौरान ये रहे मौजूद:

इस दौरान ज्ञानमल गुर्जर, गोपाल गुर्जर, दुर्गा लाल कीर, खाना गुर्जर, सांवरलाल कीर, रामपाल कीर, सोकिन्द कीर, भेरूलाल कीर, गोविन्द कीर, उदा कीर, रतन सहित ग्राम सरदारपुरा के समस्त ग्रामीण उपस्थित रहे।

Next Story