शाहपुरा में जलझूलनी एकादशी पर हुआ जल विहार, ऐतिहासिक शोभायात्रा निकली

शाहपुरा में जलझूलनी एकादशी पर हुआ जल विहार, ऐतिहासिक शोभायात्रा निकली
X


शाहपुरा। पेसवानी

शाहपुरा में बुधवार को जलझूलनी एकादशी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के महलों के चैक से ठाकुरजी के बेवाणों की भव्य सामूहिक शोभायात्रा परंपरागत तरीके से निकाली गई। शोभायात्रा में शाही लवाजमे, बैंड-बाजों की मधुर धुनें, सजीव झांकियां और पुष्पवर्षा ने इसे अविस्मरणीय बना दिया।

गरुड़ पर विराजमान विष्णु और अखाड़ा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र-

श्री चारभुजा नाथ भक्त मंडल के तत्वावधान में निकली शोभायात्रा की शुरुआत गरुड़ पर विराजमान भगवान विष्णु की भव्य झांकी से हुई। कोटा कला मंडल द्वारा प्रस्तुत इस झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही दुर्गा शक्ति अखाड़े की बालिकाओं ने अपने आकर्षक अखाड़ा प्रदर्शन से सभी को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

बैंड, भजन और ढोल पर थिरके श्रद्धालु--





राजसमंद के पहुना का धमाल बैंड की धुनों और कलाकारों के लाइव भजन-नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदसौरी ढोल की थाप पर श्रद्धालुओं के पैर स्वतः थिरक उठे। शोभायात्रा में महाकाल का डमरू नृत्य, नंदी पर शिव-पार्वती, भगवान नृसिंह और कथकली नृत्य जैसी सजीव झांकियां प्रमुख आकर्षण बनीं। बच्चों के लिए तीन कलाकारों का विशाल गोरिल्ला वेश विशेष आकर्षण रहा। युवाओं ने शिव के डमरू और तासों की ताल पर माहौल को और भी ऊर्जावान कर दिया।

पुष्पवर्षा और इत्र से महका नगर-

इस भव्य आयोजन को और विशेष बनाने के लिए शोभायात्रा पर पुष्कर से मंगवाए गए 10 क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा की गई। वहीं, भीड़ पर इलेक्ट्रिक फव्वारों से इत्र का छिड़काव किया गया, जिससे पूरा नगर सुगंधित हो उठा। श्रद्धालु इस नजारे से मंत्रमुग्ध हो गए।

पिवनियां तालाब पर हुआ जल विहार-

श्री चारभुजा नाथ के बेवाण की अगुवाई में गोविंददेवजी, मथुराधीशजी, द्वारिकाधीशजी, गोवर्धननाथजी, रूपजी, बाबा रामदेव और झूलेलाल मंदिरों सहित सभी मंदिरों के बेवाण पिवनियां तालाब पहुंचे। तालाब तट पर नगर पालिका की ओर से भगवान के विश्राम हेतु विशेष आसन सजाए गए थे। पालिका द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तालाब की पाल पर बेरिकेड्स लगाए गए।

सुरक्षा प्रबंधन रहा चाक-चैबंद

सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी व जमादार विकास घुसर के नेतृत्व में पालिका कर्मियों, प्रशिक्षित तैराकों और सिविल डिफेंस टीम को तैनात किया गया था। ये सभी नाव, ट्यूब और लाइफ जैकेट्स के साथ तालाब पर मौजूद रहे। पूरी शोभायात्रा के दौरान पुलिस का जाप्ता उपाधीक्षक ओमप्रकाश विश्नोई, थानाधिकारी सुरेश चंद्र के नेतृत्व में मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हुआ।

महाआरती और आतिशबाजी ने बढ़ाई भव्यता-

सरोवर तट पर पुजारियों द्वारा ठाकुरजी के बेवाणों का पारंपरिक जल विहार कराया गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। रात के आकाश में हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने माहौल को और भी भव्य बना दिया। महाआरती के पश्चात ठाकुरजी के बेवाण अपने-अपने मंदिरों की ओर लौट गए। इस दौरान नगर में गूंजते जयकारे, पुष्पवर्षा और इत्र की महक ने इस आयोजन को और अधिक पावन व यादगार बना दिया।

Tags

Next Story