घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट, पीड़िता ने थाने में दी रिपोर्ट
शक्करगढ़ सांवरिया सालवी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने शक्करगढ़ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
घटना का विवरण
पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे की है। प्रहलाद गुर्जर नामक व्यक्ति, कथित तौर पर शराब के नशे में पीड़िता के घर में घुस आया। आरोपी ने घर पहुंचते ही पीड़िता के पति के बारे में पूछताछ की। जब पीड़िता ने बताया कि उसके पति पास के गांव में गए हैं, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गया।
विवाद और हमला
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके पति के सामाजिक कार्यों पर टिप्पणी करते हुए अपशब्द कहे। जब पीड़िता ने अकेले होने का हवाला देकर उसे सुबह आने को कहा और अपनी दादी सास को आवाज लगाई, तो आरोपी हिंसक हो गया। आरोपी ने पीड़िता के साथ अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी।जब पीड़िता की दादी सास बचाव के लिए आई, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपी ने पास ही रखे लकड़ी के ढेर (टाप) से लकड़ियां उठाकर उन पर हमला कर दिया।शोर सुनकर जब पीड़िता का पति मौके पर पहुंचा, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे परिवार के तीनों सदस्यों को चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने शक्करगढ़ थाने में नामजद रिपोर्ट पेश कर न्याय की गुहार लगाई है।
