फुलियाकलां में खारी नदी की क्षतिग्रस्त पुलिया बनेगी, 89.16 लाख रुपए मंजूर

फुलियाकलां में खारी नदी की क्षतिग्रस्त पुलिया बनेगी, 89.16 लाख रुपए मंजूर
X

फूलियाकलां राजेश शर्मा।

फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र की सणगारी ग्राम पंचायत में खारी नदी पर क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस कार्य के लिए 89.16 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। ग्राम पंचायत प्रशासक भागचंद चाड़ा के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। डेढ़ साल पहले बनी थी पुलिया लेकिन भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिया टूटने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया था। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और आमजन को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद से ही ग्राम पंचायत प्रशासक भागचंद चाड़ा इसके पुनर्निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर इस समस्या के समाधान की पहल की। उनके प्रयासों को तब सफलता मिली जब शाहपुरा बनेड़ा क्षेत्र के विधायक लालाराम बैरवा ने पुलिया के पुनर्निर्माण की अनुशंसा की। विधायक की अनुशंसा पर क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण के लिए 89.16 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंताओं ने बताया कि पुलिया के पुनर्निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।पुलिया निर्माण की स्वीकृति की खबर से क्षेत्र के लोगों में राहत की भावना है। ग्रामीणों का मानना है कि इस पुलिया के पुनर्निर्माण से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्हें उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होने से उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

Next Story