उपरेड़ा में 33 के.वी. ग्रिड की मांग 15 वर्षों से अधूरी: अंधेरे में ग्रामीण

शाहपुरा- विधानसभा क्षेत्र शाहपुरा-बनेड़ा के उपरेड़ा ग्राम में पिछले 15 वर्षों से बिजली विभाग का 33 केवी ग्रिड खुलवाने की मांग राज्य सरकार की फाइलों में दबी हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी (उपरेड़ा) ने बताया कि 15 वर्ष पूर्व उपरेड़ा में ग्रिड खोलने की घोषणा भी हुई थी, लेकिन राजनीतिक द्वेषता के चलते इसका स्थान परिवर्तन कर इसे अन्यत्र स्थापित कर दिया गया।
प्रमुख समस्याएं और ग्रामीणों की परेशानी:
अंधेरे का साया: बारिश और आंधी-तूफान के दौरान ग्रामीणों को कई बार तीन-तीन दिन तक अंधेरे में रहना पड़ता है।
सेवाएं प्रभावित: बिजली आपूर्ति ठप्प होने से उपरेड़ा डाकघर, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और राजस्व विभाग के कार्य बुरी तरह प्रभावित होते हैं।
जंगल से गुजरती लाइन: वर्तमान लाइन खेतों और जंगलों से होकर गुजरती है, जिससे अक्सर फाल्ट होने की समस्या बनी रहती है।
ग्रामीणों द्वारा इस समस्या के समाधान हेतु अधीक्षण अभियंता, जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त, मुख्य सचिव, क्षेत्रीय विधायक, सांसद, ऊर्जा मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक को सैकड़ों पत्राचार किए जा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने बिजली समस्या के स्थाई समाधान के लिए तत्काल 33 के.वी. ग्रिड खोलने की मांग दोहराई है।
