एक माह से खोदी पड़ी सड़क बनी परेशानी का सबब, एनएच-148D पर अधूरा निर्माण कार्य

शाहपुरा । अरनिया घोड़ा से राज्यास तक जाने वाले मार्ग पर पिछले एक माह से सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। यह मार्ग नेशनल हाईवे एनएच-148D (भीम–उनियारा–शाहपुरा) का हिस्सा है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क खुदी होने के चलते रोजाना राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं धूल और कीचड़ के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में विभागीय लापरवाही को लेकर रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य को पूरा कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।
