नगर पालिका की हठधर्मिता के खिलाफ अंबेडकर विचार मंच ने खोला मोर्चा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

शाहपुरा (राजेन्द्र खटीक)। भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विचार मंच संस्था की एक आवश्यक बैठक अंबेडकर स्मारक में संपन्न हुई। बैठक में बाबासाहेब की 135वीं जयंती को शाहपुरा शहर सहित ग्रामीण अंचलों में भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। हालांकि, नगर पालिका प्रशासन द्वारा जयंती समारोह की व्यवस्थाओं के लिए स्पष्ट मना करने पर मंच के सदस्यों ने गहरा रोष व्यक्त किया है।
बैठक में बताया गया कि विगत 25 वर्षों से नगर पालिका शाहपुरा द्वारा सभी महापुरुषों की जयंती और विशेषकर अंबेडकर जयंती पर टेंट, माइक, लाइट व कुर्सियों की व्यवस्था की जाती रही है। लेकिन इस वर्ष पालिका आयुक्त रिंकल गुप्ता द्वारा इन व्यवस्थाओं के लिए मना कर दिया गया। मंच ने इसे संविधान निर्माता के प्रति भेदभावपूर्ण नीति बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपकर दोषी अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
वक्ताओं ने कहा कि बाबासाहेब देश के संविधान निर्माता और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उनकी जयंती न केवल भारत, बल्कि संयुक्त राष्ट्र संघ सहित विदेशों में भी मनाई जाती है। केंद्र और राज्य सरकार इस दिन सार्वजनिक अवकाश रखती है। ऐसे में स्थानीय निकाय द्वारा व्यवस्थाओं से हाथ खींचना दुर्भाग्यपूर्ण है। निर्णय लिया गया कि यदि नगर पालिका सहयोग नहीं करती है, तो अंबेडकर अनुयायी स्वयं के स्तर पर भव्य व्यवस्थाएं करेंगे।
बैठक में 2 अप्रैल 2018 के आंदोलन में शहीद हुए 13 लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई। जयंती की तैयारियों हेतु घर-घर जनसंपर्क और संविधान जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र घूसर, लादूराम चावला, पार्षद रामेश्वर सोलंकी, देवीलाल रेगर, खटीक समाज अध्यक्ष सत्यनारायण चावला, महासचिव शिवराम खटीक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
