शाहपुरा को बजट की सौगात: सड़क, आयुष अस्पताल, इको पार्क और पशु चिकित्सालय की बड़ी घोषणाएं

शाहपुरा (मूलचन्दपेसवानी)। राजस्थान सरकार द्वारा विधानसभा में उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने आज बजट पेश करते हुए शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। बजट में शाहपुरा क्षेत्र के लिए चार प्रमुख घोषणाएं की गई हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडल से शाहपुरा तक 40 किलोमीटर लंबी नई सड़क के निर्माण की घोषणा की गई है। इस सड़क परियोजना के लिए 98 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बजट में शाहपुरा नगर के लिए 50 बेड के एकीकृत आयुष चिकित्सालय की स्थापना की भी घोषणा की गई है। इसके खुलने से आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा सहित आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा बनेड़ा में इको पार्क विकसित किए जाने की घोषणा की गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं उपरेड़ा में क्रमोन्नत कर प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणा से पशुपालकों को आधुनिक एवं बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक डॉ. बैरवा ने बताया कि बजट प्रक्रिया के दौरान शाहपुरा से संबंधित कुछ और घोषणाएं अभी शेष हैं, जिनकी भी उम्मीद क्षेत्रवासियों को है। उन्होंने इन घोषणाओं को शाहपुरा के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और इसके लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
