आमली बारेठ में हरि बोल प्रभात फेरी और भागवत कथा पूर्णाहुति, 51 गांवों के राम भक्तों से गूंजा क्षेत्र

फूलियाकलां राजेश शर्मा। आमली बारेठ में शनिवार को भामाशाह गोपाल लाल कुमावत एवं उनके पुत्र शौकीन व परमेश्वर कुमावत परिवार द्वारा विश्व कल्याण के लिए निरंतर अठारहवीं बार आयोजित हरि बोल प्रभात फेरी एवं सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा की पूर्णाहुति के अवसर पर आयोजित हरि बोल प्रभात फेरी में 51 गांवों की प्रभात फेरी मंडलों में सम्मिलित राम भक्तों ने राम नाम से आमली बारेठ को गूंजयमान कर दिया। राम नाम की भक्ति रस की गंगा चारभुजा मंदिर परिसर से बैंड बाजे के साथ प्रभात फेरी में सम्मिलित राम भक्तों का कारवां हरे राम, हरे कृष्णा की स्वर लहरियों के साथ अलगोछे बजाते हुए बैंड बाजे के साथ रवना हुई जो सदर बाजार होती हुई गणेश मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह ग्राम वासियों ने पुष्पवर्षा के साथ शीतल पेयजल की व्यवस्था कर राम भक्तों का स्वागत किया। प्रभात फेरी में बैंड बाजे के आगे युवक- युवतियां, बुजुर्ग, महिला व पुरुष नाचते गाते हुए चले।गणेश मंदिर पर पहुंचने पर जन सहयोग से नवनिर्मित गणेश मंदिर परिसर पर भगवान गणपति के जयकारे के साथ विद्वान पंडित एवं ज्योतिषाचार्य के मंत्रोच्चार के साथ ग्राम वासियों ने भगवान श्री गणेश मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना की। इसके बाद हरे राम, हरे कृष्णा के साथ राम भक्तों का जन् सैलाब गुर्जर समाज के तीर्थ स्थल देवरा होते हुए शिव मंदिर से कथा स्थल पर पहुंचने पर कथा वाचक भगवताचार्य कृष्णानंद जी महाराज ने धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राम नाम के उच्चारण मात्र से मनुष्य जीवन के सभी संकट क्षणभर मात्र में दूर हो जाते है। व्यक्ति को धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़ चढकर भागेदारी करनी चाहिए। निंदा ना करें निंदा करना ठाकुर जी को पत्थर मारने के समान है। इसलिए जीवन में संकट के वक्त पुण्य ही व्यक्ति के काम आते हैं।मनुष्य दिनों दिन धन की लालसा में धर्म से दूर भागता जा रहा, धन कमाना अच्छी बात है परंतु धर्म से दूर भागना बुरी बात है। धर्म सभा के दौरान मंच पर उपस्थित महाराज श्री कृष्णानंद जी महाराज सहित संत महात्माओं एवं अतिथियो का कार्यक्रम समिति सदस्य संतराम वैष्णव, बाला बक्स धाकड़, गोपाल मीणा, महावीर मोरवाल, रामजस तेली, होनार बैराड, माधु हाकला, रामस्वरूप हाकला, बजरंग पटेल, मदन धाकड़, आशाराम शर्मा, रामेश्वर मीणा, रामेश्वर खाती रघुनाथ कुमावत, रामनाथ कुमावत सहित ग्राम वासियों ने सभी रामधुनी मंडलों को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत सत्कार एवं अभिनन्दन कर आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित संत महात्माओं सहित भगवताचार्य कृष्णानंद जी महाराज ने गोपाल लाल कुमावत परिवार का साफ़ा पहनाकर माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस दौरान कुमावत परिवार के प्रपौत्र विनय, नवीन कुमावत, जिला परिषद सदस्य एडवोकेट शिवराज कुमावत, घीसालाल कुमावत सहित ग्रामवासियों ने प्रभात फेरी में सम्मिलित सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। भागवत प्रसादी में दस हजार से भी अधिक धर्म प्रेमी बंधुओ ने सामूहिक एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। कानून और शांति व्यवस्था के लिए फूलियाकलां थाना पुलिस दिन भर तेनात रहा। कथा स्थल पर लगे मनोरंजन के साधन डोलर, झूला-चकरी का ग्रामीणों ने भरपूर लुत्फ लिया।
