धनोप ग्राम पंचायत में फिर बदली सत्ता की तस्वीर

फूलियाकलां राजेश शर्मा। फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र की चर्चित ग्राम पंचायत धनोप में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार के आदेश के बाद प्रशासक पद से हटाई गई रिंकू देवी वैष्णव को पुनः ग्राम पंचायत की कमान सौंप दी गई है। गौरतलब है कि पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव (द्वितीय) जयपुर त्रिलोक चंद मीणा द्वारा 11 फरवरी 2026 को जारी आदेश के तहत रिंकू वैष्णव को पद के दुरुपयोग एवं नियम विरुद्ध पट्टे जारी करने का दोषी मानते हुए पद से मुक्त कर दिया गया था। इस कार्रवाई के विरुद्ध रिंकू वैष्णव ने माननीय उच्च न्यायालय जोधपुर में एसबी सिविल रिट याचिका संख्या 4613/2026 दायर की थी। न्यायालय ने 24 फरवरी 2026 को पारित आदेश में विभागीय कार्यवाही पर स्थगन (स्टे) प्रदान कर दिया, जिससे पूर्व आदेश पर रोक लग गई।
करीब दो माह बाद, पंचायती राज विभाग जयपुर द्वारा अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव (द्वितीय) त्रिलोक चंद मीणा ने 10 अप्रैल 2026 को आदेश क्रमांक 67770 जारी कर रिंकू वैष्णव को पुनः ग्राम पंचायत धनोप के प्रशासक पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जिला कलेक्टर भीलवाड़ा को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भेजे गए हैं। रिंकू वैष्णव की पुनः नियुक्ति की खबर से उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं विरोधी खेमे में हलचल तेज हो गई है। ग्राम पंचायत में इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है।
