कोली के मार्गदर्शन में पनोतिया विद्यालय के छात्रों का लगातार 7 वर्षों से इंस्पायर अवार्ड के लिए हो रहा है चयन

कोली के मार्गदर्शन में पनोतिया विद्यालय के छात्रों का लगातार 7 वर्षों से  इंस्पायर अवार्ड के लिए हो रहा है चयन
X

राजेश शर्मा धनोप। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पनोतिया शाहपुरा में विज्ञान शिक्षक महेश कुमार कोली के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की प्रतिभा लगातार निखर रही है। इस सत्र 2024-25 के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत अपने सर्वश्रेष्ठ नवाचार के लिए कक्षा 10 में अध्ययनरत लक्षित प्रजापति का चयन हुआ है। लक्षित ने एक ऐसा गजब का छाता बनाया है जिसको उपयोग के दौरान पकड़ना नही पड़ता है और स्वतंत्र हाथ अन्य कार्य कर सकते है। साथ ही छाते में सौर ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित करने का उपकरण भी सेट किया गया है। कोली ने बताया कि सत्र 2018-19 से लेकर सत्र 2024-25 तक हर वर्ष इस विद्यालय के छात्र इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित हो रहे हैं। अब तक विद्यालय के 11 छात्रों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना जा चुका है। जिसमें प्रत्येक छात्र को भारत सरकार द्वारा दस हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इस प्रकार अब तक कुल एक लाख दस हजार रुपये की राशि विद्यालय के विद्यार्थियों को प्राप्त हो चुकी है। विद्यालय में विज्ञान शिक्षक महेश कुमार कोली के मार्गदर्शन में छात्र नवीनतम वैज्ञानिक प्रयोगों और नवाचारों पर कार्य कर रहे हैं। जिससे उनकी रुचि विज्ञान के प्रति बढ़ रही है। इंस्पायर अवार्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट को और विकसित करने का अवसर मिल रहा है। जिससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर छात्रों और विज्ञान शिक्षक महेश कुमार कोली को बधाई दी है। प्रधानाचार्य ने आशा जताई कि आगामी वर्षों में भी विद्यालय के छात्र विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

Tags

Next Story