अभिभाषक संस्था की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, 11 दिसंबर को होंगे वार्षिक चुनाव

शाहपुरा। स्थानीय अभिभाषक संस्था शाहपुरा की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा की अध्यक्षता में अभिभाषक कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन सचिव वीरेंद्र पत्रिया ने किया। बैठक में संगठनात्मक अनुशासन, सदस्यता सत्यापन और आगामी चुनाव प्रक्रिया जैसे अहम मुद्दों पर निर्णय लिए गए।
बैठक में यह तय हुआ कि अनियमित पाए गए 30 सदस्यों में से केवल 17 ने जवाब दिया। शेष 13 सदस्यों की सदस्यता निरस्त कर दी गई। जवाब देने वाले 17 सदस्यों में से 11 को अनियमित मानते हुए उन्हें मतदान अधिकार और संस्था से मिलने वाले लाभों से वंचित कर दिया गया। इस तरह संस्था में कुल 74 सक्रिय और नियमित सदस्य मान्य घोषित किए गए।
कार्यकारिणी ने 11 दिसंबर 2025 को वार्षिक चुनाव की तारीख घोषित की और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की। मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता प्रणवीर सिंह चैहान होंगे, जबकि सहायक चुनाव अधिकारी संजय हाडा और दीपक पारीक होंगे। चुनाव में भाग लेने वाले अधिवक्ताओं के लिए पात्रता परीक्षा, वार्षिक शुल्क, शपथ पत्र और सदस्यता सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
बैठक में उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राणावत, सचिव वीरेंद्र पत्रिया, दीपक मीणा, कमलेश मुंडेतिया और प्रवक्ता दीपक पारीक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
