जल संरक्षण के लिए 2022 में प्रधानमंत्री ने किया था सम्मानित, अब भी इसी मिशन पर किशोर शर्मा

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) ग्राम पंचायत शक्करगढ़ के तत्कालीन सरपंच किशोर शर्मा को जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए जल शक्ति दिवस (23 अप्रैल 2022) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया गया था। पूरे भारत में केवल पांच सरपंचों को यह सम्मान प्राप्त हुआ था, जिनमें उत्तरी भारत से अकेले किशोर शर्मा इस सूची में शामिल थे। अब भी इसी मिशन को लेकर प्रयासरत है किशोर शर्मा।
किशोर शर्मा ने 2010 से 2020 के कार्यकाल के दौरान 40 कच्चे और पक्के एनीकटों का निर्माण करवाकर जल संरक्षण में अहम भूमिका निभाई। इससे न केवल जल स्तर बढ़ा, बल्कि क्षेत्र में सिंचाई के साधनों में भी सुधार हुआ। उनके प्रयासों से ग्रामीणों को जल संकट से राहत मिली और कृषि उत्पादन में वृद्धि हुई। जल संरक्षण के साथ-साथ किशोर शर्मा ने ग्राम पंचायत के विभिन्न गांवों में 30-30 हेक्टेयर भूमि में कुल 20,000 पौधे लगवाए। इस पहल ने क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान दिया। किशोर शर्मा के प्रयासों से प्रेरित होकर उनकी पत्नी कौशल देवी भी सार्वजनिक सेवा में आगे आईं। वर्तमान में वे जहाजपुर पंचायत समिति की प्रधान के रूप में कार्यरत हैं और क्षेत्र के विकास में योगदान दे रही हैं। किशोर शर्मा का यह योगदान जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार की दिशा में एक मिसाल है। उनका यह प्रयास अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायक साबित हो सकता है।