रवि प्रदोष पर गूँजे महादेव के जयकारे: हिंदू नववर्ष के स्वागत हेतु हुआ सामूहिक दुग्धाभिषेक

रवि प्रदोष पर गूँजे महादेव के जयकारे: हिंदू नववर्ष के स्वागत हेतु हुआ सामूहिक दुग्धाभिषेक
X


शाहपुरा-भैरू लाल लक्षकार श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में रविवार, 1 मार्च को रवि प्रदोष के पावन अवसर पर भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। यहाँ आयोजित सामूहिक दुग्धाभिषेक में श्रद्धालुओं ने महादेव का अभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली और आगामी कार्यक्रमों की सफलता की कामना की।

हिंदू सम्मेलन की सफलता और नववर्ष का संकल्प-

यह विशेष आयोजन हाल ही में संपन्न हुए 'हिंदू सम्मेलन' की शानदार सफलता के उपलक्ष्य में और आगामी 19 मार्च को आने वाले 'हिंदू नववर्ष' के भव्य स्वागत की तैयारियों के निमित्त रखा गया।

इनके मार्गदर्शन में संपन्न हुआ आयोजन-

संपूर्ण कार्यक्रम नववर्ष समाजोत्सव समिति के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पारीक एवं कार्यक्रम संयोजक हनुमान धाकड़ व कोषाध्यक्ष जयकिशन घुसर के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

विद्वान पंडितों ने कराया अभिषेक-

मुख्य पुजारी शिवचरण शर्मा एवं नवरत्न शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महादेव का भव्य अभिषेक संपन्न कराया। दुग्धाभिषेक के पश्चात आरती की गई और प्रसादी का वितरण हुआ।

आगामी रणनीति पर चर्चा-

अभिषेक के बाद समिति के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की एक बैठक संपन्न हुई, जिसमें 19 मार्च को होने वाले हिंदू नववर्ष समाजोत्सव को ऐतिहासिक बनाने हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं ताकि नववर्ष का स्वागत पूरे शहर में उत्सव की तरह मनाया जा सके।

Next Story