महाप्रभु स्वामी रामचरण कन्या विद्यापीठ में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
महाप्रभु स्वामी रामचरण कन्या विद्यापीठ, शाहपुरा में शुक्रवार को अणुव्रत सेवा समिति के तत्वावधान में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में सृजनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश कुमावत ने की। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की 50 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया, जिन्होंने अपनी कला और विचारों से सामाजिक मुद्दों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। पोस्टरों में पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण, नशा मुक्ति और अणुव्रत के सिद्धांतों जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया।
कार्यक्रम का संचालन सरिता छीपा, रेहाना परवीन, पूर्णा पारीक और ओमप्रकाश वर्मा द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों के पोस्टरों का अवलोकन कर उनकी कलात्मकता, संदेश की प्रभावशीलता और प्रस्तुति के आधार पर अंक प्रदान किए।
परिणामों की घोषणा में प्रथम स्थान अंजलि सैनी (बी.एड. द्वितीय वर्ष), द्वितीय स्थान कोमल धोबी (डी.एल.एड. द्वितीय वर्ष), तृतीय स्थान अर्पिता कुमावत (डी.एल.एड. प्रथम वर्ष) को घोषित किया गया है। विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश कुमावत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना तो जागृत होती ही है, साथ ही समाज के प्रति उनका दृष्टिकोण भी सकारात्मक बनता है। अणुव्रत आंदोलन का मूल संदेश हैकृ सादा जीवन, उच्च विचार और अहिंसाकृ जिसे अपनाने से व्यक्ति का नैतिक और बौद्धिक विकास होता है।”
उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने, पर्यावरण की रक्षा करने और शिक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरक भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम के दौरान बृजेश शर्मा, लेखराज पाराशर, अभिषेक बसेर, अनुराग शर्मा, अमित कुमार शर्मा, मीना शर्मा, राजेश कुमावत सहित महाविद्यालय की शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। समारोह के अंत में पूर्णा पारीक ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
