रायला उपडाकघर में आधार सेवाओं का आगाज, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

रायला (लकी शर्मा) । भारतीय डाक विभाग के भीलवाड़ा मण्डल द्वारा क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रायला गांव के उपडाकघर में अब आधार कार्ड से जुड़ी सभी सेवाओं की विधिवत शुरुआत कर दी गई है।
निरीक्षक संतोष लवानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और मांग को ध्यान में रखते हुए 20 मार्च 2026 से उपडाकघर में आधार पंजीकरण, नवीनीकरण और अद्यतन (अपडेट) का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
विदित रहे कि अब तक रायला कस्बे एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को आधार कार्ड से संबंधित छोटे-बड़े कार्यों के लिए जिला मुख्यालय या अन्य दूरदराज के केंद्रों पर जाना पड़ता था। इससे न केवल ग्रामीणों का समय बर्बाद होता था, बल्कि आर्थिक भार भी पड़ता था। अब गांव में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से आमजन को भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
