रायला में ग्राम उत्थान सेवा शिविर 2026 का आयोजन

रायला (लकी शर्मा)। रायला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्राम उत्थान सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। यह शिविर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर एक दिवसीय विशेष शिविर के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार 6 फरवरी को भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त रायला में यह शिविर संपन्न हुआ।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी विभाग तथा भीलवाड़ा प्रभारी सचिव मंजू राजपाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर जसजीत सिंह संधु, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद भीलवाड़ा चंद्रभान सिंह भाटी, उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास, शिविर प्रभारी अधिकारी गणेशनारायण शर्मा विकास अधिकारी बनेड़ा, तहसीलदार संतोष सुनारियाल, उपतहसीलदार रायला सत्यनारायण लोहार, ग्राम पंचायत रायला की प्रशासक गीता देवी जाट सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान किसानों और ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्रभारी सचिव मंजू राजपाल ने सभी विभागों के काउंटरों का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में सहकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग तथा ऊर्जा विभाग की योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
प्रशासन ने बताया कि आगामी ग्राम उत्थान सेवा शिविर 7 फरवरी 2026 को भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त महुआ खुर्द में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में ग्राम पंचायत महुआ खुर्द, खेड़लिया, बवराणा और चमनपुरा के ग्रामीण लाभ उठा सकेंगे।
