शाहपुरा फायरिंग मामला: सलीम को गोली मारने वाले नामजद, पुलिस पकड़ से दूर सभी हमलावर

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी । जिले के शाहपुरा कस्बे के व्यस्तम त्रिमूर्ति चौराहे पर सोमवार रात सलीम खां को सीने में गोली मारकर फरार हुये हमलावरों को पीडि़त के बयान पर शाहपुरा पुलिस ने नामजद कर लिया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापे मारी कर रही है, लेकिन अब तक सभी हमलावर पुलिस पकड़ से दूर है। उधर, कस्बे में पुलिस लगातार गश्त कर स्थिति पर निगरानी रखे हुये है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने बताया कि शाहपुरा निवासी सलीम खां, भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज सुगंधी से बातचीत करने के बाद उन्हीं के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान त्रिमूर्ति चौराहे पर अचानक दो बाइक से आये लोग, सलीम पर फायरिंग कर फरार हो गये। सलीम के सीने में गोली लगी। इसके चलते वह गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो गया। सलीम को पहले शाहपुरा व बाद में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एएसपी आर्य ने बताया कि घायल सलीम ने पुलिस को दिये बयान में हमले का आरोप शाहपुरा निवासी सलीम पुत्र शौकत खान, उसके भाई मोहब्बत खान और मोहसिन खान पुत्र शालू खान पर लगाया है। पुलिस ने इन तीनों पर नामजद मामला दर्ज कर लिया है। इन हमलावरों की तलाश में पुलिस संभावित स्थानों पर दबिशें दे रही है। अब तक पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लग पाई है। जल्द ही इन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इस बीच, एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसटी सहित आधा दर्जन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हमला होने की बात सामने आई है। हमलावरों के पकड़े जाने के बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी।
