शाहपुरा: 'ग्रीन लिटिल बेबी' की 'प्रकृति दर्शन' प्रदर्शनी ने खींचा सबका ध्यान, एडीएम ने सराहा

शाहपुरा: ग्रीन लिटिल बेबी की प्रकृति दर्शन प्रदर्शनी ने खींचा सबका ध्यान, एडीएम ने सराहा
X

शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)। हरित भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में नन्ही पर्यावरण सेविका श्रेया कुमावत की पहल इन दिनों शाहपुरा में चर्चा का विषय बनी हुई है। “ग्रीन लिटिल बेबी” के नाम से प्रसिद्ध श्रेया कुमावत द्वारा आयोजित “प्रकृति दर्शन” पर्यावरण जागरूकता प्रदर्शनी लगातार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है और समाज को प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश दे रही है।

प्रदर्शनी को अब तक कई स्थानीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आमजन तथा स्कूली बच्चे देख चुके हैं। सभी ने नन्ही पर्यावरण सेविका के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। प्रदर्शनी में लगाए गए मॉडल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयोग बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को प्रभावित कर रहे हैं।

प्रदर्शनी के सातवें दिन शाहपुरा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रकाशचंद्र रेगर ने भी प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर इसका अवलोकन किया। उन्होंने श्रेया द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों, जैविक खाद निर्माण, सीड बॉल तैयार करने की प्रक्रिया, प्लास्टिक के पुनः उपयोग से तैयार नवाचारों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों की विस्तार से जानकारी ली।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर रेगर ने श्रेया कुमावत के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम आयु में पर्यावरण संरक्षण के प्रति इस तरह का समर्पण वास्तव में प्रेरणादायी है। उन्होंने सुझाव दिया कि श्रेया के प्रयासों पर एक डॉक्यूमेंट्री तैयार कर उसे व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाए, ताकि अन्य राज्यों के लोग भी इससे प्रेरणा ले सकें।

Tags

Next Story