शाहपुरा उपकारागृह का आकस्मिक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा

शाहपुरा। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुपालन में, भीलवाड़ा के जिला एवं सेशन जज अभय जैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल भार्गव और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नगेन्द्र सिंह ने शाहपुरा उपकारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण बंदियों की स्थिति और कारागृह की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पीने के पानी, शौचालयों, स्वच्छता, स्नान और कपड़े धोने की सुविधाओं, साबुन की उपलब्धता, बैरकों और सेल की सफाई तथा हवादार स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। बंदियों को जेल में आने वाली व्यक्तिगत स्वच्छता और अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में भी सुना गया।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन ने बंदियों के स्वास्थ्य और उन्हें प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त, रसोईघर का निरीक्षण किया गया और बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विशाल भार्गव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नगेन्द्र सिंह, जेल प्रभारी प्रहलाद गुर्जर और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
