दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी, लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पार, निंबाहेड़ा गांव की घटना,पुलिस जुटी जांच में

शाहपुरा- भैरू लाल लक्षकार शाहपुरा थाना क्षेत्र के निंबाहेड़ा गांव में रविवार दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।
सूने मकान की रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, आसींद सड़क मार्ग पर स्थित निंबाहेड़ा गांव में भंवर लाल कुमावत के घर को चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि घर के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने घर के ताले चटकाए और अलमारियों में रखे कीमती जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।
चोरी की सूचना मिलते ही ASI मुकेश मीणा पुलिस जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से चोरी हुए सामान की सूची ली है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
