बनेड़ा में फाग अमावस्या पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: ठाकुर जी ने भक्तों के संग खेली होली

बनेड़ा में फाग अमावस्या पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: ठाकुर जी ने भक्तों के संग खेली होली
X

बनेड़ा (के.के. भंडारी)। कस्बे में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी फाग की अमावस्या पर भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। बेवाण में विराजित होकर साक्षात ठाकुर जी श्री चारभुजा नाथ ने स्वयं भक्तों के द्वार पहुंचकर दर्शन दिए और पूरी रात्रि नगर भ्रमण करते हुए गुलाल व फूलों की होली खेली।

भजन-कीर्तन के साथ निकला भव्य लवाजमा

गुरुवार सायंकाल चारभुजा नाथ मंदिर से ठाकुर जी का बेवाण गाजे-बाजे और भव्य लवाजमे के साथ रवाना हुआ। जैसे ही ठाकुर जी नगर भ्रमण पर निकले, पूरा कस्बा 'चारभुजा नाथ की जय' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भजनों की मधुर धुन पर नाचते-गाते और एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे।

घर-घर हुई अगवानी और पूजा-अर्चना

नगर भ्रमण के दौरान कस्बे के प्रत्येक मोहल्ले में भक्तों ने अपने घरों के बाहर दीप जलाकर और भोग लगाकर ठाकुर जी की आरती उतारी। श्रद्धालुओं ने न केवल भगवान को रिझाया, बल्कि लवाजमे में शामिल भक्तों का भी हर गली-मोहल्ले में आत्मीय स्वागत सत्कार किया गया। इस महोत्सव में युवाओं और मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरी रात भ्रमण के पश्चात शुक्रवार अलसुबह 5:30 बजे ठाकुर जी पुनः मंदिर में विराजमान हुए।

हिंदू नववर्ष पर अखंड कीर्तन का शुभारंभ

इधर, आगामी हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर भी शुरू हो गया है। निर्मल कुमार अजमेरा ने बताया कि खारिया कुंड के बालाजी मंदिर में अखंड कीर्तन पाठ का शुभारंभ किया गया है, जो पूरे नवरात्र चलेगा।

Tags

Next Story