बनेड़ा में सफाई व्यवस्था बदहाल: कीचड़ के बीच स्कूल जाने को मजबूर छात्राएं

बनेड़ा में सफाई व्यवस्था बदहाल: कीचड़ के बीच स्कूल जाने को मजबूर छात्राएं
X

बनेड़ा (के.के. भंडारी)। नगर पालिका बनेड़ा की सफाई व्यवस्था एक बार फिर पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही है। कस्बे के विभिन्न इलाकों में गंदगी के ढेर, सड़कों पर बहता नालियों का पानी और बदहाल सफाई व्यवस्था से आमजन त्रस्त हैं। आक्रोशित लोगों का कहना है कि उनकी शिकायत सुनने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं है।

कन्या पाठशाला की गली में नरकीय हालात

कन्या पाठशाला की गली में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं, जहां करीब 400 छात्राओं को प्रतिदिन गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार न तो नालियों की नियमित सफाई हो रही है और न ही कचरे का समय पर उठाव किया जा रहा है।

संक्रमण का बढ़ता खतरा

कस्बे में कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। सब्जी मंडी के पास सहित कस्बे के अनेक स्थानों पर पिछले कई दिनों से कचरे का अंबार लगा हुआ है, जहां से उठ रही सड़ांध लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि जिम्मेदारों की यह लापरवाही पूरे बनेड़ा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और राहत देने की मांग की है।

Tags

Next Story