बनेड़ा में शीतला सप्तमी पर रंगों का उत्सव, ढोल-नगाड़ों के साथ खेली होली

बनेड़ा में शीतला सप्तमी पर रंगों का उत्सव, ढोल-नगाड़ों के साथ खेली होली
X

बनेड़ा (केके भण्डारी)

कस्बे में मंगलवार को शीतला सप्तमी का पर्व बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। रंगों के इस उत्सव में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां मनाई।

शीतला सप्तमी को लेकर सोमवार को ही कस्बे के घरों में रांदा-पुआ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर घरों में ओलिया, नमकीन, पापड़-पपड़ी सहित अनेक प्रकार के व्यंजन और तलने के पकवान बनाए गए।

मंगलवार अलसुबह मातृशक्ति ने शीतला माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भोग लगाकर एक दिन पहले तैयार किया गया ठंडा भोजन ग्रहण किया।

मंगलवार को शीतला सप्तमी के अवसर पर कस्बे में लोगों ने जमकर रंग और गुलाल खेला। बच्चों ने भी बड़ों के साथ होली खेलते हुए इस रंगोत्सव का आनंद लिया।

कस्बे के मुख्य बाजार में युवाओं की टोली ने ढोल-नगाड़ों के साथ होली खेली और ढोल की थाप पर भजनों का गायन भी किया, जिससे माहौल भक्ति-मय हो गया। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए, वहीं कहीं पानी से भी होली खेली गई।

Next Story