शाहपुरा में मेधावी विद्यार्थियों का महाकुंभ: 13 अप्रैल को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह

बनेड़ा (के.के. भण्डारी) । शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के होनहारों की मेहनत को नया आयाम मिलने जा रहा है। क्षेत्र में शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक भव्य 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया जा रहा है।
यह गौरवमयी समारोह आगामी 13 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:15 बजे रामकोठी (रामद्वारा), शाहपुरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाहपुरा-बनेड़ा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा होंगे, जो अपनी उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश
इस आयोजन का मुख्य ध्येय उन विद्यार्थियों को सम्मानित करना है जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समारोह के माध्यम से न केवल वर्तमान मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। विधायक डॉ. बैरवा द्वारा विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाना शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
