क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री शर्मा से की मुलाकात

क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री  शर्मा से की मुलाकात
X


जयपुर/ बनेड़ा - शाहपुरा (( KK Bhandari ))

👉बनेड़ा - शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नए विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य बजट में घोषित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध क्रियान्वयन से आमजन को शीघ्र लाभ मिलेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने, किसानों को फसल बीमा एवं खराबे का समय पर मुआवजा दिलाने, गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने, सरकारी विद्यालयों के उन्नयन तथा चिकित्सा सेवाओं में सुधार के संबंध में सुझाव दिए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए नए प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए।

इसके अतिरिक्त, युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी योजनाओं को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों के विस्तार तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता भी रखी गई।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने विधायक द्वारा प्रस्तुत सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा शाहपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

अंत में विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

Next Story