राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में सड़क सुरक्षा पर वार्ता आयोजित

बनेड़ा (केके भंडारी)। सड़क सुरक्षा केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में राज्य महिला नीति के अंतर्गत सड़क सुरक्षा, यातायात नियम तथा ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया जैसे विषयों पर वार्ता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य (प्रो.) डॉ. कन्हैयालाल मीणा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन कर स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं तथा समाज को भी जागरूक बनाकर प्रतिदिन होने वाली अनेक दुर्घटनाओं में कमी ला सकते हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में जिला परिवहन कार्यालय शाहपुरा से परिवहन निरीक्षक विवेक सरोठा उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए सरकार द्वारा निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य एवं प्रभावी उपयोग के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती ज्योति रानी रिठोदिया ने किया। सह प्रभारी मीनाक्षी शर्मा ने भी विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य, कार्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
