बनेड़ा में सफाई व्यवस्था बदहाल, चौखी बावड़ी चौराहे पर कचरे के अंबार से राहगीर परेशान

बनेड़ा में सफाई व्यवस्था बदहाल, चौखी बावड़ी चौराहे पर कचरे के अंबार से राहगीर परेशान
X

बनेड़ा (के.के. भंडारी)। बनेड़ा नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। जिम्मेदारों की घोर लापरवाही के चलते कस्बे के विभिन्न मोहल्लों और मुख्य रास्तों पर पिछले कई दिनों से कचरे के ढेर जमा हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते दो दिनों से हो रही हल्की बूंदाबांदी ने इस समस्या को और भी विकराल बना दिया है, जिससे गंदगी अब कीचड़ और सड़न में तब्दील हो रही है।

चौखी बावड़ी चौराहा बना डंपिंग यार्ड

कस्बे के हृदय स्थल माने जाने वाले चौखी बावड़ी चौराहा पर स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। यहाँ चारों ओर फैली गंदगी के कारण पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। जल निकासी की व्यवस्था ठप होने से नालियां पूरी तरह जाम हैं और उनमें जमा गंदा पानी अब सड़कों पर फैलकर दुर्गंध मार रहा है।

सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सफाईकर्मी केवल कचरा इकट्ठा करके एक जगह छोड़ देते हैं, जिसका समय पर उठाव नहीं किया जाता। हवा चलने पर यह कचरा वापस पूरे बाजार और सड़क पर बिखर जाता है। क्षेत्र में बढ़ती गंदगी के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जमा कचरे को तुरंत हटवाया जाए।

Tags

Next Story