भीलवाड़ा में चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट , आदर्श क्रिकेट क्लब विजेता

भीलवाड़ा, । वाल्मीकि शक्ति सेना के तत्वावधान में नगर निगम भीलवाड़ा के चित्रकूट धाम ग्राउंड में 19 से 22 फरवरी तक चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला बाबा साहेब क्रिकेट क्लब और आदर्श क्रिकेट क्लब, भीलवाड़ा के बीच खेला गया। फाइनल में आदर्श क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 140 रन बनाए और 141 रनों का लक्ष्य दिया। टीम के शिवराज सिंगोलिया ने सर्वाधिक 47 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। जवाब में बाबा साहेब क्रिकेट क्लब 8 ओवर में 6 विकेट खोकर केवल 102 रन ही बना सकी। इस प्रकार आदर्श क्रिकेट क्लब ने 38 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बाबा साहेब क्रिकेट क्लब के सोनू घुसर को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता टीम के कप्तान देवेंद्र सिंगोलिया को फाइनल ट्रॉफी भेंट की गई।
समापन समारोह में रणजी खिलाड़ी कुमार मंगलम ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर समाजसेवी मुकेश घुसर, लक्ष्मण लोट, राकेश देसाई और कुणाल गोरण ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त टीमों के खिलाड़ियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की और सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में समाजसेवी शिवराज घावरी, दीपक लोट, दीपमाला गहलोत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
