टी-20 वर्ल्ड कप: भारत की ऐतिहासिक जीत, फाइनल में न्यूजीलैंड से होगी भिड़ंत

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत की ऐतिहासिक जीत, फाइनल में न्यूजीलैंड से होगी भिड़ंत
X


मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो विश्व कप नॉकआउट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी।

संजू सैमसन का धमाका, दुबे ने भी दिखाया दम

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत जबरदस्त रही। स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 42 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। मिडिल ऑर्डर में शिवम दुबे ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए 25 गेंदों में 43 रन कूट डाले। इन पारियों की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के सामने 254 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा।

बेथेल का शतक भी नहीं बचा सका इंग्लैंड को

जवाब में इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल ने अकेले दम पर संघर्ष किया। बेथेल ने महज 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब शतकीय पारी खेली और इंग्लैंड की ओर से टी-20 विश्व कप में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला और टीम इंडिया ने अंततः 7 रनों से जीत दर्ज की।

आकाश दीप को भरोसा: फिर चैंपियन बनेगा भारत

तेज गेंदबाज आकाश दीप ने टीम की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया काफी मजबूत है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करेगा। अब सबकी नजरें 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं।

Next Story