भारत बना चैंपियंस: न्‍यूजीलैंड से 25 साल पुराना लिया बदला

न्‍यूजीलैंड से 25 साल पुराना  लिया बदला
X

नई दिल्ली। भारतीय स्पिनर्स की कसी हुई गेंदबाजी के बाद रोहित शर्मा की कप्‍तानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल में भारत ने न्‍यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास भी रच दिया है। भारतीय टीम अब सबसे ज्‍यादा चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम बन गई। इससे पहले भारत-ऑस्‍ट्रेलिया के नाम 2-2 खिताब थे।

न्यूजीलैंड की पारी

न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत के सामने 252 रन का लक्ष्य रखा था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 251 रन बना सकी। आखिरी पांच ओवर में 50 रन बने, जिसकी वजह से न्यूजीलैंड इस आंकड़े को छू सका। इसमें सबसे बड़ा योगदान माइकल ब्रेसवेल का रहा। उन्होंने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। ब्रेसवेल ने 40 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 53 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा डेरिल मिचेल 63 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 34 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जडेजा को एक विकेट मिला। एक विकेट शमी ने लिया और एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।

कीवियों की शुरुआत अच्छी रही थी। विल यंग और रचिन रवींद्र के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने यंग को आउट कर कीवियों को पहला झटका दिया। इसके बाद कुलदीप का कमाल देखने को मिला। उन्होंने रचिन रवींद्र और केन विलियम्सन को पवेलियन भेजा। ये दोनों बल्लेबाज न्यूजीलैंड के लिए रीढ़ की हड्डी रहे हैं। इन दोनों के विकेट गिरते ही कीवी कमजोर पड़ गए। जहां एक समय कीवी छह से ज्यादा के रन रेट से स्कोर कर रहे थे। 18 रन के अंदर शुरुआती तीन विकेट गंवाते ही रन रेट साढ़े चार के करीब आ गया। यंग 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रचिन ने 29 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली। विलियम्सन 11 रन बना सके। इसके बाद डेरिल मिचेल ने टॉम लाथम और ग्लेन फिलिप्स के साथ पारी संभालने की कोशिश की। मिचेल ने लाथम के साथ 33 रन की और फिलिप्स के साथ 57 रन की साझेदारी निभाई। लाथम को जडेजा और फिलिप्स को वरुण ने पवेलियन भेजा। लाथम 14 रन और फिलिप्स 34 रन बना सके। इस बीच डेरिल मिचेल ने वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। वह 101 गेंद में तीन चौके की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए। आखिर में ब्रेसवेल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। सैंटनर आठ रन बनाकर रन आउट हुए।

भारत की पारी

252 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही थी। रोहित ने इंटेंट दिखाया और शुरुआत से ही ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी निभाई। गिल 50 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट कोहली भी एक रन बनाकर चलते बने। एक रन के अंदर भारत ने दो विकेट गंवाए। रोहित ने 41 गेंद में वनडे करियर का 58वां अर्धशतक पूरा किया। वह 83 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। दो विकेट गिरने के बाद रन रेट बढ़ाने के चक्कर में वह रचिन रवींद्र की गेंद पर स्टंप हुए। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने अक्षर पटेल के साथ 61 रन की साझेदारी निभाई। श्रेयस अर्धशतक से चूक गए और 62 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 48 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अक्षर पटेल 29 रन और हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल ने 33 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 34 रन और रवींद्र जडेजा नौ रन बनाकर नाबाद रहे। जडेजा ने विनिंग फोर लगाया। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सैंटनर और ब्रेसवेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जेमीसन और रचिन को एक-एक विकेट मिला।

Tags

Next Story