मतदाता जागरूकता की दिशा में अनूठी पहल, मतदाता जागरूकता सॉन्ग ‘वोट जरूरी है…

राजसमन्द ( राव दिलीप सिंह) विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना के नेतृत्व में जिला परिषद सीईओ राहुल जैन की पहल पर एक शानदार नवाचार हुआ है। सीईओ एवं स्वीप प्रभारी राहुल जैन ने कलाकारों की टीम से एक बेहद आकर्षक और मधुर गाना ‘वोट जरूरी है’ तैयार करवाया है। गाने को नो चौकी पाल सहित प्रमुख स्थलों पर शूट किया गया है। सभी कलाकार स्थानीय है जिन्होंने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए यह गाना तैयार किया है।
जिला कलक्टर सक्सेना ने किया विमोचन
सोमवार को ऑब्जर्वर बैठक के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) नीलाभ सक्सेना ने इसका विमोचन करते हुए लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने भी पूरा गाना सुन इसकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गाने को व्यापक तौर पर शेयर किया जाए और घर-घर पहुंचाया जाए। उन्होंने मतदाता जागरूकता हेतु इसी टीम द्वारा तैयार दो अन्य शॉर्ट फिल्मों का भी विमोचन किया। विमोचन के दौरान जिला परिषद सीईओ राहुल जैन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश बुनकर, गाने के निदेशक मनोज पोरवाड़, कलाकार महेंद्र कुमावत, डॉ जगदीश जीनगर आदि उपस्थित रहे।
जिलेभर में जारी है स्वीप गतिविधियां
जिला परिषद सीईओ जैन ने बताया कि जिलेभर में स्वीप गतिविधियां वृहद स्तर पर जारी है। कस्बों से लेकर गांवों तक टीमें मतदाताओं को जागरूक करने की दिशा में कार्य कर रही है। इस बीच एक विचार आया कि क्यों न राजसमंद का अपना एक वॉटर अवेयरनेस थीम सॉन्ग हो, जो घर-घर पहुंचे। यही विचार परिणाम में परिवर्तित हुआ और सोमवार को गाने का विमोचन हो गया।
लॉन्च होते ही सोशल मीडिया पर हुआ शेयर
सॉन्ग लॉन्च होते ही जिला निर्वाचन अधिकारी के फेसबूक, ट्विटर, इंस्टाग्राम तथा यूट्यूब पर शेयर किया गया। इसको आने वाले दिनों तक गाँव-गाँव लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
इस टीम ने तैयार किया यह सॉन्ग
सॉन्ग ‘वोट जरूरी है’ के गायक और निदेशक मनोज पोरवाड़ ने बताया कि इसमें कलाकारों महेंद्र कुमावत, जगदीश जीनगर, कुमार दिनेश, शिव प्रकाश खेद, पंकज सुथार, पवन शर्मा, मानसी राव, भाविका गवारिया, शिवानी साल्वी का योगदान रहा है। लिरिक्स, कमोजिशन और निर्देशन मनोज पोरवाड का है। म्यूजिक मनोज सुनील ने तैयार किया गया। कला निदेशक महेंद्र कुमावत, प्रोडक्शन इकजेकेटिव जगदीश जीनगर और प्रेम शंकर भट्ट हैं। फिल्मांकन शाहिद शाह ने और एडिटिंग दिनेश यादव ने की है।
