VIDEO कार्रवाई नहीं होने से खफा युवक ने एसपी ऑफिस में पीया कीटनाशक, मचा हड़कंप

भीलवाड़ा (हलचल)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सोमवार को एक युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। इसके चलते पुलिस में हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी के बीच युवक को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दादाबाड़ी निवासी राकेश खटीक ने भीमगंज थाने में एक रिपोर्ट दर्ज करवा रखी है। बताया गया है कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने के चलते आज राकेश खटीक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया, जहां उसने एसपी ऑफिस की परिवाद शाखा के नजदीक कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इस दौरान राकेश यह कहते हुये सुना गया कि मेरी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उधर, राकेश के कीटनाशक पीने की खबर से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी अफरा-तफरी के बीच राकेश को एसपी ऑफिस से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। सूचना पर एएसपी चंचल मिश्रा, डीएसपी नरेंद्र दायमा सहित कोतवाली, भीमगंज और सुभाषनगर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी राकेश के बयान नहीं हो पाये हैं।
