VIDEO कैसे जीयें सुख शांति एवं तनाव मुक्त जीवन, बताया बी.के.शिवानी ने

भीलवाड़ा (सम्पत) अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक प्रवक्ता एवं राष्ट्रपति की ओर से नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित ब्रह्माकुमारी शिवानी ने बुधवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आरसी व्यास कॉलोनी के मोदी ग्राउंड (भीमगंज स्कूल मैदान) में सुख, शांति एवं तनावमुक्त जीवन के लिए जिंदगी बने आसान विषय पर संबोधित किया
लोग कहते है खाली हाथ आए है ओर खाली हाथ जाना है लेकिन ऐसा नहीं है। हमारे कर्म व संस्कार हमारे साथ आते है और हमारे साथ ही जाएंगे। पिछले जन्मों में जैसे हमारे कर्म व संस्कार थे वैसा हम ये जीवन मिला। अब जैसे कर्म व संस्कार करेंगे उसी अनुरूप हमारी आत्मा को अगला शरीर मिलेगा। इसलिए हमेशा श्रेष्ठ कर्म व संस्कार करें ताकि हमारे इस जीवन के साथ आत्मा जब शरीर बदले तब भी अच्छा जीवन प्राप्त हो। ये विचार भीलवाड़ा में पहली बार पधारी ख्यातनाम अन्तरराष्ट्रीय आध्यात्मिक प्रवक्ता एवं राष्ट्रपति द्वारा नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी ने करीब 90 मिनट के उद्बोधन में तनावमुक्त जीवन जीने एवं श्रेष्ठ कर्म से श्रेष्ठ भाग्य बनाने के लिए कई तरह के टिप्स प्रदान किए और आंखे बंद कराके स्वयं के बारे में विभिन्न प्रकार की अनुभूति कराई। उन्होंने कहा कि धन, अन्न, मन व तन ये जीवन के चार स्तम्भ है। केवल धन कमाना हमारा लक्ष्य नहीं होना चाहिए इसके साथ दुआएं भी आनी चाहिए। दुआएं मिलने पर क्षमता से भी ज्यादा धन कमाएंगे। पैसा हर कार्य नहीं कर सकता लेकिन दुआएं असंभव को भी संभव बना देती है। मेहनत धन कमाने के लिए नहीं बल्कि दुआएं कमाने के लिए की जानी चाहिए। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर 80 लाख से अधिक फॉलोअर वाली शिवानी दीदी ने कहा कि जैसा हम अन्न खाएंगे वैसा ही हमारा मन होगा। इसलिए हमे हमेशा सात्विक अन्न का सेवन करना चाहिए। परमात्मा की याद के साथ खाना खाते समय टीवी और मोबाइल बंद रखे। हिंसा व दर्द युक्त भोजन कभी खुशी नहीं दे सकता। तीन माह सात्विक भोजन करने का प्रयोग करे मन व तन हल्का महसूस होने के साथ कर्म भी श्रेष्ठ होंगे। दुनिया में सर्वाधिक बिकने वाली धार्मिक पुस्तक की श्रेणी में शुमार ‘अनलिमिटेड हैप्पीनेस’ की रचियता मोटिवेशनल स्पीकर शिवानी दीदी ने कहा कि मन की श्रेष्ठता के लिए रोज सुबह दिन की शुरूआत परमात्मा के ज्ञान व मेडिटेशन से करे। श्रेष्ठ कर्म करने के लिए उसकी शक्ति को अपने अंदर भरे। मानसिक आपदा बढ़ने के दौर में हर परिवार में एक शक्ति कमाने वाली आत्मा चाहिए। कोविड के बाद के एक वर्ष में भारत के विभिन्न शहरों में हुए शोध में सामने आया है कि 30 प्रतिशत मानसिक केस, 40 प्रतिशत तलाक, 17 प्रतिशत आत्महत्या के केस बढ़े है। हमे इस हालत में धन के साथ आत्मा की शक्ति बढ़ाने के लिए विशेष मेहनत करनी है।
सामने वाला गलती करें तो हम उसका जवाब अच्छाई के साथ दे
शिवानी दीदी ने विभिन्न प्रसंगों व उदाहरणों के माध्यम से जीवन में किस प्रकार कर्म हमारा भाग्य बनाते यह समझाते हुए कहा कि सामने वाला गलती करें तो हम उसका जवाब गलती से नहीं बल्कि अच्छाई के साथ देना है। जैसा हम कर्म करेंगे वैसा ही हमे प्राप्त होंगा। हम सामने वाली की काली बॉल का जवाब कॉली बाल से ही देंगे तो वापस हमे काली बॉल यानि बुराई ही प्राप्त होंगी लेकिन हम सामने वाले की कॉली बॉल यानि बुराई व गलती का जवाब सफेद बॉल यानि अच्छाई व क्षमा के साथ देंगे तो वापस हमे अच्छाई व क्षमा रूपी सफेद बॉल ही प्राप्त होंगी।
शिवानी दीदी को सुनने पहुंचे हर वर्ग-समाज के गणमान्यजन
हजारों लोग उमड़े
भीलवाड़ावासियों का सैलाब उमड़ा। कार्यक्रम शुरू होने के निर्धारित समय शाम 6 बजे से पहले ही हजारों शहरवासी मोदी ग्राउण्ड पहुंच चुके थे। शहर के हर वर्ग समाज के गणमान्यजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के शुरू में शिवानी दीदी के साथ दीप प्रज्वलन करने वालों में राजस्थान बीज निगम के अध्यक्ष धीरज गुर्जर, भीलवाड़ा जिला कलक्टर आशीष मोदी, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, नगर परिषद सभापति राकेश पाठक, उद्यमी रामपाल सोनी, त्रिलोकचंद छाबड़ा, लादूलाल बांगड़, पूर्व विधायक विवेक धाकड़ भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष एलएन डाड, महावीरसिंह चौधरी, सुरेन्द्रसिंह सुराना आदि शामिल थे। आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी भूपेन्द्र मोगरा, गजानंद बजाज, पवन अग्रवाल, नरेश सोमानी, पवन अग्रवाल आदि ने अहम भूमिका निभाई। संचालन बीके रचना बहन ने किया। मंच पर पहुंचने पर शिवानी दीदी का स्वागत करने वालों में ब्रह्मकुमारी परिवार भीलवाड़ा की इन्द्रा दीदी, तरूणा बहन, कुमुद बहन, सोनू बहन, अनिता बहन, अमोलक भाई, डॉ राघेश्याम श्रोत्रिय, डॉ मुरारीलाल जाटव, प्रदीप अग्रवाल आदि शामिल थे। कार्यक्रम के शुरू में शिवानी दीदी के उद्बोधन से पूर्व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। कुमारी मनस्वी ने शिव स्तुति की प्रस्तुति दी। कुमारी तनुजा ने गीत मंगल घड़ी दिवस है सुहाना की प्रस्तुति दी।
*तीन दिवसीय निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर गुरूवार से*
ब्रह्ाकुमारीज के भीलवाड़ा विजयसिंह पथिकनगर स्थित सेवा केन्द्र पर 2 से 4 मार्च तक तीन दिवसीय निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। ये शिविर सुबह 7 से 8 एवं शाम 7 से 8 बजे तक आयोजित होगा। तीनों दिन शाम 4 से 5 बजे तक शिविर केवल महिलाओं के लिए होगा। शिविर का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी करेगी। शिविर के लिए ब्रह्ाकुमारीज के स्थानीय केन्द्रों के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराया गया है।
