VIDEO कच्ची बस्ती के लोगों को नहीं मिले पट्टे तो करेंगे भूख हड़ताल, जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, आयुक्त का किया घेराव

भीलवाड़ा (सम्पत माली)। भीलवाड़ा शहर की कच्ची बस्ती वासियों ने भीलवाड़ा कच्ची बस्ती विकास मंच के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह कटार के नेतृत्व में कच्ची बस्ती वासियों को पट्टे दिलाने की मांग को लेकर जिला कलक्टर कार्यालय पर नारेबाजी व प्रदर्शन कर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। बाद में पैदल बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर को माला पहना कर फिर नगर परिषद् में आयुक्त का घेराव किया गया।
भीलवाड़ा कच्ची बस्ती विकास मंच के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह कटार ने कहा कि नगर परिषद भीलवाड़ा के वार्ड संख्या 56 व 57 सांगानेर कीर खेड़ा जो कि विगत 70 वर्षों से बसा हुआ है तथा जनसंख्या वृद्धि के साथ ही समय समय पर आबादी क्षेत्र का विस्तार होता आया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार घुमन्तु जातियों के वर्ष 1999-2000 व वर्ष 2005-06 में निशुल्क पट्टे जारी किये गये थे। इसी तरह जगजीवन नगर कच्ची बस्ती, अम्बेडकर बस्ती, बजरंगापुरा बस स्टैण्ड चुंगी नाका के पास नया जाटों का खेड़ा, कीर खेड़ा सांगानेर, भोपालपुरा, शास्त्रीनगर हरिजन बस्ती, आर के कॉलोनी कृषि उपज मण्डी के सामने साठिया बस्ती, गायत्रीनगर चपरासी कॉलोनी व मजिस्ट्रेट कॉलोनी में जहां निर्माण कर लोगों द्वारा रहवाश किया जा रहा है। साथ ही नगर परिषद द्वारा 1998-99 में 104 परिवारों का सर्वे किया गया था तथा नगर परिषद द्वारा गाडिय़ा लुहार परिवारों को 178 नि:शुल्क पट्टे जारी किये थे व 2012-13 में परिषद ने अन्य परिवारों को पट्टे दिये थे।
जिलाध्यक्ष कटार ने कहा कि नगर परिषद द्वारा पूर्व के वर्षों में दिये गये पट्टे व आबादी क्षेत्र को नगर विकास न्यास द्वारा प्रस्तावित जारी लोनल प्लान में उक्त क्षेत्रों को आबादी प्रदर्शित करते हुए जोनल प्लान तैयार करने का आदेश कराने के संबंध सैंकड़ों बार जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे जनता में भारी आक्रोश है। राज्य सरकार के आदेश होने के बावजूद भी कच्ची बस्ती में रहने वाले व्यक्तिों को आज दिन तक पट्टा जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द से जल्द प्रशासन कार्रवाई करें नहीं तो कच्ची बस्ती वासियों द्वारा जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर सामूहिक रूप से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
ज्ञापन में जिला महामंत्री कैलाश सुवालका, राजेश शर्मा,दिनेश छिपा,घनश्याम सिंघिवाल,जिला उपाध्यक्ष सत्यनारयण तेली(उपरेडा),घनश्याम बैरवा,जिला मंत्री साँवर, महिला शहर अध्यक्ष संजना सोनी,शहर उपाध्यक्ष आशुतोष जोशी,अंकिता आर्य और श्याम नगर कच्ची बस्ती,गायत्री नगर कच्ची बस्ती,भट्टा कच्ची बस्ती,बालाजी खेड़ा कच्ची बस्ती,हिना क्रेशर कच्ची बस्ती,मजिस्ट्रेड कॉलोनी कच्ची बस्ती,कीर खेड़ा कच्ची बस्ती,सावरिया कच्ची बस्ती, सहित भीलवाड़ा की समस्त कच्ची बस्तियों से लोग उपस्थित हुए।
